चरवा के अरईसुमेरपुर गांव के सामने सड़क किनारे लगे स्कूल बोर्ड के एंगल ने शनिवार को एक किशोर की जान ले ली जबकि बाइक पर बैठा उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रसूलपुर बदले निवासी रवि (16) पुत्र राजाराम शनिवार दोपहर करीब दो बजे अपने साथी दिनेश पुत्र ननकूलाल के साथ बाइक से बेरुआ चौराहा जा रहा था। रवि जैसे ही अरईसुमेरपुर गांव के सामने पहुंचा अचानक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे स्कूल के बोर्ड से भिड़ गई। बोर्ड का एंगल टूटा था। एंगल रवि के पेट को फाड़ते हुए बाहर निकल गया। इससे उसकी आंत बाहर निकल आई जबकि दिनेश भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
मौके पर रहे लोगों ने सूचना देकर 108 नंबर एंबुलेंस बुलवाई। घायलों को जिला अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां चिकित्सकों ने रवि की हालत नाजुक देख इलाहाबाद ले जाने की सलाह दी। मगर इलाहाबाद ले जाते समय रास्ते में ही रवि ने दम तोड़ दिया। रवि की मौत से परिजनों में हाहाकार मचा है।