नर्स की नौकरी दिलाने और शादी का झांसा देकर दानपुर का एक युवक परिचित युवती की आबरू से साल भर खेलता रहा। बाद में उसने शादी से इंकार कर दिया। युवक की इसी दगाबाजी से परेशान युवती ने दो महीने पहले खुदकुशी कर ली थी। इस मामले में अदालत के आदेश पर बुधवार को पश्चिमशरीरा पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसओ ने बताया कि घटना की तफ्तीश की जा रही है।
पश्चिमशरीरा कोतवाली क्षेत्र की एक युवती की 9 फरवरी कौ मौत होे गई थी। उसकी लाश घर के भीतर फंदे से लटकती मिली थी। उसके पिता का आरोप है कि उसकी बेटी को दानपुर गांव के अजय कुमार नामक युवक ने नर्स की नौकरी दिलाने का झांसा देकर प्रेमजाल में फंसा लिया था। शादी करने का सब्जबाग भी दिखाया था। नौकरी दिलाने के बहाने वह साल भर तक उसे मंझनपुर के एक निजी अस्पताल में ले जाता रहा। आरोप है कि इस दौरान वह उसकी आबरू से खेलता भी रहा। साल भर तक अस्मत लूटने के बाद जब युवती ने शादी का दबाव बनाया तो वह मुकर गया। इससे आहत हुई युवती ने फंदे से लटककर खुदकुशी कर ली थी।
युवती के पिता ने बताया कि बेटी की मौत के बाद उसने युवक के खिलाफ नामजद तहरीर पश्चिमशरीरा कोतवाली में दी थी। आरोप है कि पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। महीने भर तक कार्रवाई के लिए वह थाने से लेकर पुलिस अफसरों के कार्यालय का चक्कर लगाता रहा। कहीं से भी न्याय नहीं मिलने पर उसने अदालत की शरण ली। अदालत के आदेश पर बुधवार को पश्चिमशरीरा कोतवाली पुलिस ने आरोपी युवक अजय निवासी दानपुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। एसओ उमाशंकर यादव ने बताया कि अदालत के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घटना की जांच की जा रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।