बेटी से चापड़ की नोक पर बलात्कार करने के आरोपी पिता के खिलाफ आखिरकार कौशाम्बी पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करना ही पड़ा। एसपी के निर्देश पर पुलिस ने मामले में कार्रवाई की। उधर आरोपी पिता का 151 के तहत किए गए चालान में जमानत न होने से वह जेल में है।
कौशाम्बी थाने के एक गांव में 12 जुलाई की रात पिता ने अपनी ही बेटी को चापड़ की नोक पर दुराचार किया। घटना के वक्त आरोपी पिता ने अपनी पत्नी का हाथ-पैर बांधकर मुंह में कपड़ा ठूंस दिया था। मजबूरी में एक मां अपने सामने बेटी के बलात्कार का नजारा देखती रही। सुबह उठने पर आरोपी पिता मुंह खोलने पर जान से मारने की धमकी देकर बाहर चला गया तो मां-बेटी दिनभर सहमी रहीं। लेकिन एक बाप और पति के अत्याचार के खिलाफ मां-बेटी के मन में उठ रही आवाज दब न सकी। तीसरे दिन 14 जुलाई को दोनों तहरीर लेकर थाने पहुंची।
मामले में कौशाम्बी पुलिस ने तीन दिन तक ध्यान ही नहीं दिया। मामला अखबारों में छाया तो हरकत में आई पुलिस ने आनन-फानन में आरोपी को गिरफ्तार कर 151 के तहत चालान कर दिया। जमानतदार न मिलने पर एसडीएम ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। 151 के तहत चालान किए जाने की जानकारी पीड़िता को हुई तो वह पुन: थाने पहुंची। न्याय की उम्मीद न दिखने पर मां-बेटी मंझनपुर पहुंचकर एसपी से मिलीं। एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई का निर्देश कौशाम्बी पुलिस को दिया। एसपी का आदेश मिलते ही कौशाम्बी पुलिस ने मामले में मां की तहरीर पर पिता के खिलाफ बलात्कार की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर लिया।