कोतवाली इलाके में शनिवार शाम पड़ोसी ने विधवा के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। रात में बहाने से घर पहुंचकर उसे कमरे में घसीट ले गया। शोर मचा देने से आरोपी दरिंदगी में नाकाम हो गया। इससे गुस्साकर महिला को बेरहमी से पीट दिया। दूसरे दिन पीड़िता शिकायत लेकर कोतवाली पहुंची तो उसे पुलिस ने डांटकर भगा दिया। सोमवार को महिला ने मामले की नामजद शिकायत पुलिस अधीक्षक से की। एसपी ने एसओ को जांचकर कार्रवाई का निर्देश दिया है।
मंझनपुर कोतवाली इलाके के एक गांव की रहने वाली युवती पति की मौत के बाद बच्चों के साथ घर पर रहती है। आरोप है कि शनिवार की रात वह आंगन में बच्चों के साथ सो रही थी। रात बहाने से पड़ोसी घर में घुस आया। जब तक युवती कुछ समझ पाती युवक उसके साथ जबरदस्ती करते हुए कमरे की ओर घसीटने लगा। पड़ोसी की हरकत देख उसने शोर मचा दिया। इस से दरिंदगी में नाकाम पड़ोसी ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। जानलेवा धमकी देते हुए भाग निकला। आरोप है कि रविवार की सुबह वह पड़ोसी के हरकतों की शिकायत लेकर कोतवाली पहुंची तो उसे डांटकर भगा दिया। इलाकाई पुलिस से न्याय नहीं मिलता देख सोमवार को पीड़िता ने मामले की नामजद शिकायत पुलिस अधीक्षक से करते हुए न्याय की गुहार लगाई। एसपी रतनकांत पांडेय ने एसओ को जांच कर आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया है।