सरायअकिल इलाके में रविवार की शाम घर में अकेली विवाहिता के साथ पड़ोसी युवक ने दुष्कर्म का प्रयास किया। पीड़िता के चीखने-चिल्लाने पर आरोपी कहीं भी शिकायत करने की धमकी देते हुए भाग निकला। युवक के चंगुल से छूटी विवाहिता ने आपबीती अपने पति को बताई।
सरायअकिल इलाके के एक गांव की रहने वाली विवाहिता रविवार को घर में अकेली थी। इसी बात का फायदा उठा कर पड़ोसी युवक उसके घर में घुसा और उसको दबोच कर उसके साथ दुराचार करने का प्रयास करने लगा। युवक की हरकत देख पीड़िता चीखने-चिल्लाने लगी। विवाहिता की आवाज सुन आस-पास मौजूद लोग घटना स्थल की ओर दौड़ पड़े। ग्रामीणों को देख आरोपी युवक पीड़िता को कहीं भी शिकायत करने पर जानलेवा धमकी देते हुए भाग निकला।
युवक के चंगुल से छूटने के बाद विवाहिता ने आपबीती अपने पति से बताई। पड़ोसी युवक का दुस्साहस देख घरवालों के होश उड़ गए। विवाहिता अपने पति को साथ लेकर सोमवार को मंझनपुर पहुंची और पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई । एसपी ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच कराने का आश्वासन दिया है।