बरामद की गई सगी बहनों के साथ कोतवाली पुलिस
- फोटो : kaushambi
टप्पल कांड से कौशाम्बी पुलिस ने अच्छा सबक लिया है। बच्चियों के मामले में यहां की पुलिस अब जरा भी रिस्क नहीं ले रही है। रविवार को चक बिजलीपुर गांव से गायब हुई सगी बहनों को 24 घंटे के भीतर खोज निकाला गया। इसके बाद राहत की सांस ली गई।
नगर कोतवाली क्षेत्र के चक बिजलीपुर गांव की आयशा (9) व अइमा (5) सगी बहनें हैं। रविवार को संदिग्ध दशा में दोनों घर से गायब हो गईं। खोजबीन के बाद भी सुराग नहीं लगने पर इनके पिता साबिर अली ने पुलिस को सूचना दी। खबर मिलते ही एसपी प्रदीप गुप्ता हरकत में आ गए। उन्होंने बहनों की बरामदगी के लिए आननफानन एक टीम गठित कर दी। सदर कोतवाल उदयवीर सिंह को भी चौकन्ना कर दिया। इसके बाद पुलिस वाले खासकर कोतवाल लापता बच्चियों की फोटो लेकर जिले भर की खाक छानने लगे। गलियों, बाजारों में फोटो दिखाकर बच्चियों के बारे में जानकारी मांगी जाने लगी।
नतीजा रहा कि सोमवार को दोनों लड़कियां कड़ा इलाके की टेंढ़ीमोड़ बाजार में मिल गईं। पूछने पर उन्होंने बताया कि परिवार वाले मेला देखने जाने की इजाजत नहीं दे रहे थे। इसलिए चुपके से मेला देखने पइंसा क्षेत्र के जैतपुर चली गई थीं। रास्ता भटककर टेंढ़ीमोड़ पहुंच गईं। लड़कियों को उनके परिजनों के हवाले कर दिया गया है।