जिला अस्पताल से शनिवार ड्यूटी कर घर वापस जा रहे फार्मासिस्ट की बाइक से एक साइकिल में टक्कर लग गई। इससे गुस्साए साइकिल सवार ने साथियों के साथ मिलकर फार्मासिस्ट को पीट दिया। फोन कर फार्मासिस्ट ने अपने कई साथियों को बुला लिया। पुलिस पहुंची तो वहां नोकझोंक हो गई। पुलिस ने मौके से साइकिल सवार को गिरफ्तार कर लिया है। फार्मासिस्ट की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है।
मानपुर गौरा निवासी शिवभूषण सिंह जिला अस्पताल में फार्मासिस्ट के पद पर तैनात हैं। बुधवार की शाम करीब पांच बजे ड्यूटी खत्म होने पर वह बाइक से घर जा रहे थे।
सेहिया गांव के समीप नौगीरा निवासी वीरेंद्र कुमार की साइकिल से फार्मासिस्ट की गाड़ी भिड़ गई। फार्मासिस्ट का आरोप है कि टक्कर लगने पर उन्होंने विरोध किया तो वीरेंद्र ने अपने साथियों के साथ उनसे अभद्रता करते हुए मारपीट की। फार्मासिस्ट ने मोबाइल पर सूचना अपने स्टॉफ को दी तो वह एंबुलेंस से पहुंच गए और हंगामा करने लगे। मौके पर सदर कोतवाली पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने मामला शांत कराया। एंबुलेंस में ही आरोपी को बैठकर पुलिस थाने लाई। फार्मासिस्ट की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर वीरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है।