ओडीएफ अभियान में सहयोग न करने और लापरवाही पाए जाने पर डीपीआरओ ने दो ग्राम प्रधानों और दो सेक्रेट्रियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। प्रधानों को हिदायत दिया कि क्यों न उन्हें निलंबित करते हुए तीन सदस्यीय कमेटी गठित कर दी जाय। इसके अलावा एक गांव के दो सफाई कर्मी की लापरवाही उजागर होने पर उन्हें निलंबित कर दिया गया है। डीपीआरओ की कार्रवाई से आरोपी प्रधान, सेक्रेटरी व सफाई कर्मी में हड़कंप है।
जिले की ग्राम सभाओं को चल रहे मार्निंग फालोअप कार्यक्रम के दौरान ग्राम प्रधान व सेक्रेट्रियों का अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा है। विकास खंड मूरतगंज के उमरछा गांव के नोडल अधिकारी आनंद कुमार सिंह ने यह शिकायत डीपीआरओ से की।
इसी तरह विकास खंड चायल के हरदुआ ग्राम प्रधान व सेक्रेटरी अभियान में मनमानी बरत रहे हैं। शिकायत मिलने पर डीपीआरओ कमल किशोर ने उमरछा प्रधान सरिता सिंह व हरदुआ प्रधान बेनी सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए हिदायत दिया कि क्यों न गांव में तीन सदस्यीय कमेटी गठित कर दी जाय। दोनो गांवों के सेक्रेटरी अनिल कुमार यादव व बलराम चौधरी को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इसके अलावा उन्होंने विकास खंड सिराथू के देवखरपुर गांव में तैनात सफाई कर्मी रामेश्वर व रामनाथ को गांव न जाने के आरोप में निलंबित कर दिया। डीपीआरओ की नोटिस और कार्रवाई से महकमे में हड़कंप है।