इलाके के उदिहिन खुर्द गांव में शनिवार की शाम एक विवाहिता ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। विवाहिता ने आत्मघाती कदम क्यों उठाया? फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर लाश पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पइंसा थाने के उदिहिन खुर्द निवासी रामू पुत्र शिवलाल मुंबई में रहकर प्राइवेट नौकरी करता है। साल भर पहले उसकी शादी फतेहपुर जिले के (खखरेरू) मोहनापुर में रहने वाली रिंकी (20) के साथ हुई थी। रामू इन दिनों मुंबई में ही है। जबकि उसकी पत्नी रिंकी पखवारे भर पहले ही ससुराल उदिहिन आई थी।
बताया जा रहा कि शनिवार की शाम उसने घर के भीतर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। विवाहिता ने इस तरह का आत्मघाती कदम क्यों उठाया? फिलहाल इसकी वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। परिजन अथवा पुलिस भी इस बाबत कुछ नहीं बता रहे हैं। एसो पइंसा का कहना है कि सूचना मिली है। जांच-पड़ताल कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।