पूरामुफ्ती के महगांव विद्युत उपकेंद्र में बुधवार रात बिजली न मिलने पर ग्रामीणों ने धावा बोल दिया। कर्मचारियों को पीटने के साथ ही पथराव किया। इससे बीसीबी फुंक गई। लाखों का नुकसान होने पर एसडीओ ने पूरामुफ्ती थाने में एक नामजद समेत 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
महगांव विद्युत उपकेंद्र में बुधवार रात बसेढ़ी निवासी नीरज की अगुवाई में ग्रामीणों ने धावा बोल दिया। बिजली न मिलने से ग्रामीण नाराज थे। कर्मचारियों ने बताया कि रोस्टिंग चल रही है लेकिन ग्रामीणों ने उनकी एक नहीं सुनी और अभद्रता करते हुए पिर्टाई शुरू कर दी। इसके साथ पथराव भी किया। इतना ही नहीं आरोप है कि विद्युत लाइन पर तार भी फेंक दिया। इससे बीसीबी फुंक गई। पथराव व तार फेंके जाने से करीब डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ। कर्मचारियों ने इसकी जानकारी चायल एसडीओ (प्रथम)आईबी सिंह को दी। एसडीओ ने जांच के बाद पूरामुफ्ती थाने में नीरज को नामजद करते हुए 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी। पूरामुफ्ती थाने की पुलिस ने मामला दर्ज कर प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। एसडीओ ने चायल एसडीएम से उपकेंद्र की सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है।