चित्रकूट जिले के पहाड़ी इलाके से फरार युवती को बृहस्पतिवार की रात पुलिस ने कौशाम्बी के कपूरीपुर गांव में प्रेमी संग धर दबोचा। युवती प्रेमी संग पखवारे भर पहले लापता हुई थी। मामले में पिता ने पड़ोसी युवक के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। गांव में दबिश से हड़कंप मच गया। पुलिस ने युवती को बरामद करने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
चित्रकूट जिले के पहाड़ी इलाके के एक गांव की रहने वाली युवती पखवारे भर पहले घर से संदिग्ध दशा में लापता हो गई थी। परिजनों ने खोजबीन की तो पता चला कि युवती को पड़ोस का युवक ले गया है। पुलिस ने पिता की तहरीर पर पड़ोसी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू की। मुखबिर की सूचना पर बृहस्पतिवार की रात चित्रकूट के पहाड़ी थाने की पुलिस ने कौशाम्बी के कपूरीपुर गांव में छापेमारी की। पुलिस ने रिश्तेदार के घर शरण लिए प्रेमी युगल को धर दबोचा। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद युवती को परिजनों की सुपुर्दगी में देते हुए युवक को जेल भेज दिया है।