तनाव के मद्देनजर गांव में पुलिस फोर्स तैनात
काजू गांव में शुक्रवार की दोपहर चुनावी अदावत की चिंगारी भड़क गई। कोटेदार अदालती प्रसाद पर नशे में धुत अधेड़ ने तमंचे से फायर झोक दिया। गोली बाएं बांह में लगते ही वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। पिता को लहूलुहान देख बेटे ने हमलावर के सिर पर लाठी से प्रहार कर दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। फायरिंग की आवाज सुनते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस अधीक्षक कई थानों की पुलिस के साथ गांव पहुंचे। आनन-फानन में पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल और शव को पोस्टमार्टम भेजा। गांव में तनाव के मद्देनजर पुलिस के जवान तैनात कर दिए गए हैं। अधेड़ की हत्या से घर-परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
चरवा थाना क्षेत्र के काजू गांव का रहने वाला अदालती प्रसाद (42) पुत्र सूरजदीन कोटेदार है। शुक्रवार की दोपहर करीब तीन बजे वह घर पर कार्ड वितरण कर रहा था। इसी दौरान गांव का बडे़लाल (42) पुत्र जगरूप शराब के नशे में पहुंचा और अदालती के भाई शारदा से भिड़ गया। इस पर अदालती ने विरोध किया तो बड़ेलाल ने तमंचे से फायर झाेंक दिया। बाएं हाथ में गोली लगते ही कोटेदार लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़ा। अदालती को लहूलुहान देख बेटे मनोज ने लाठी से बड़ेलाल के सिर प्रहार कर दिया। गहरी चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गोली चलने की आवाज सुनते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। काजू गांव में बवाल की आशंका पर पुलिस अधीक्षक वीके मिश्र कई थानों की पुलिस के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घायल कोटेदार को जिला अस्पताल में भर्ती कराते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसपी ने बताया कि पुरानी खुन्नस में बवाल हुआ है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। गांव में ऐहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।