चायल (ब्यूरो)। धान बंटाई के लिए गेरिया गांव गए उजहिनी के युवक और उसकी बहन को पीटकर हमलावरों ने नकदी-मोबाइल छीन लिया। गांववालों के आने पर हमलावर भाग निकले। भुक्तभोगी की तहरीर पर पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पुरामुफ्ती कोतवाली क्षेत्र के उजिहिनी खालसा गांव निवासी पप्पू ने बताया कि पिपरी क्षेत्र के गेरिया गांव के एक व्यक्ति की दो बीघे जमीन उसने बटाई पर ले रखी है। यह जमीन देखरेख के लिए उसने उसकी गांव के रमेश कुमार को दे दी है। पप्पू के मुताबिक वह शुक्रवार को धान की पैदावार का बंटवारा कराने के लिए गेरिया गांव अपनी बहन के साथ गया था। बताया कि गांव पहुंचते ही चार-पांच युवकों ने आकर उसे दबोच लिया। पकड़कर उसकी पिटाई की। पीटने के बाद पांच हजार रुपया और मोबाइल छीन लिया।
भाई को पीटते देख उसकी बहन उमा देवी ने बीच-बचाव का प्रयास किया। आरोप है कि हमलावरों ने उसकी भी पिटाई कर दी। चीख-पुकार पर गांववाले दौड़े। ग्रामीणों के आने पर हमलावर धमकी देेते हुए भाग निकले। हमलावरों के भाग निकलने पर भुक्तभोगी पिपरी कोतवाली गया और घटना की नामजद तहरीर पुलिस को दी। पप्पू की तहरीर पर पुलिस हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।