जमीन की रंजिश में शनिवार रात घोसरा गहरवारन का डेरा (पूरबशरीरा) गांव की एक बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी गई। इससे पहले वृद्धा की हत्यारों ने पिटाई की। फिर रस्सी से गला घोंटकर मौत के घाट उतार दिया। सूचना पर एसपी, एएसपी, सीओ के साथ पश्चिमशरीरा पुलिस मौके पर पहुंची। मृतका के बेटे ने गांव के ही एक व्यक्ति पर हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसपी वीके मिश्रा ने बताया कि रिपोर्ट लिखकर घटना की छानबीन की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
पश्चिमशरीरा थाना क्षेत्र के पूरबशरीरा (गहरवारन का डेरा) गांव की रहने वाली रज्जी देवी (65) भूमिहीन है। इसके पति टुन्नू यादव की कई साल पहले मौत हो चुकी है। इसके 4 बेटे बुधराम, मंगल, दिनेश और मुकेश हैं। इनमें मंगल ही गांव में मां के साथ रहकर मेहनत-मजदूरी करता है। बाकी बेटे पंजाब में काम करते हैं। रज्जीदेवी ने घर से करीब 300 मीटर दूर पशुशाला बना रखी है। छप्पर की बनी इसी पशुशाला में रज्जीदेवी रात में सोती थी। शनिवार रात भी करीब 8 बजे वह घर से खाना खाकर पशुशाला में सोने के लिए गई थी। वहीं चारपाई पर रविवार सुबह वह मृत मिली। बताया जाता है कि मृतका के पैर और शरीर के अन्य हिस्से में पिटाई के निशान हैं।
साथ ही गले में नायलान की रस्सी कसी हुई थी। जाहिर है कि हत्यारों ने पहले उसकी बेरहमी से पिटाई की। इसके बाद रस्सी से गला घोंटकर मौत के घाट उतार दिया। वृद्धा की हत्या होने की खबर से गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर भीड़ जमा हो गई। मौके पर एसपी, एएसपी, सीओ, एसओ पश्चिमशरीरा फोर्स लेकर पहुंचे। पुलिस ने जांच के बाद मृतका के बेटे मंगल की तहरीर पर पूरबशरीरा गांव के रहने वाले रामकिंकर उर्फ बेटऊ सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। आरोप है कि सड़क किनारे स्थित पशुशाला की जमीन हथियाने के लिए ही वृद्धा को मारा गया है। एसपी ने बताया कि जमीन की रंजिश में कत्ल होना प्रतीत हो रहा है। घटना की जांच की जा रही है।