मंझनपुर (ब्यूरो)। जहरीली शराब से मलिहाबाद में हुई मौतों के बाद अवैध शराब के खिलाफ चला पुलिस और आबकारी विभाग का अभियान बुधवार को भी जारी रहा। टीमों ने करीब दर्जनभर गांव में कच्ची शराब बनाने वाली भट्टियों पर दबिश दी। भट्ठियों को तोड़ने के साथ ही 195 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई है। पुलिस ने 18 लोगों को शराब बनाते पकड़कर जेल भी भेजा है।
बता दें कि मलिहाबाद में जहरीली शराब पीने से 37 लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद अवैध शराब बनाने और बेचने वालों के खिलाफ पुलिस और आबकारी विभाग ने अभियान छेड़ रखा है। बुधवार को भी पुलिस और आबकारी विभाग ने अवैध शराब बनाने वालों की धरपकड़ को गांव-गांव दबिश दी। मंझनपुर पुलिस ने रामपुर मड़की गांव में दबिश देकर संतोष कुमार को शराब बनाते दबोचा। उसके पास से 15 लीटर शराब भी बरामद हुई है।
इसी तरह से पुलिस ने धनपरा करारी के बैजनाथ, बैरिहा का पुरा के केशन लोध, कटरी (पश्चिमशरीरा) के बली सरोज, खपटिहा के सोनलाले, सरायअकिल पुलिस ने नंदा का पुरा गांव के अशोक कुमार, कमालपुर के कृष्ण कुमार, खरका के शैलेश कुमार, सुकवारा के रामबाबू, चरवा पुलिस ने काजू गांव के बड़का अहिरवार, पिपरी पुलिस ने असरावल खुर्द के विकास पासी, पुरामुफ्ती पुलिस ने बजहा गांव के चुन्नू पासी, मनौरी गांव के चंदन पासी, कोखराज पुलिस ने कल्याणपुर के शीतल पासी, राकेश पासी, शिवपुर के हरिश्चंद्र, परशुरामपुर के जयसिंह, पइंसा पुलिस ने भानपुर गांव के गया प्रसाद को शराब बनाते रंगेहाथ पकड़कर जेल भेज दिया है। इन सभी लोगों के कब्जे से पुलिस ने कुल 195 लीटर शराब और 10 लीटर स्प्रिट बरामद होने का दावा किया है।