चरवा के सैयदसरावां गांव के समीप सोमवार की सुबह किशोरी ने ट्रेन के सामने छलांग लगाकर जान दे दी। चर्चा है कि परिजनों की डांट के बाद उसने आत्मघाती कदम उठाया है। घटनास्थल पहुंची पुलिस ने शव पहचान कराते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। किशोरी की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।
चरवा थाना क्षेत्र के निमिहा गांव की नेहा देवी (16) पुत्री चौबे लाल का सोमवार की सुबह परिजनों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि विवाद के बाद परिजनों ने किशोरी को फटकार दिया। परिजनों की डांट से क्षुब्ध किशोरी खेत के बहाने घर से निकाली और गांव के समीप से गुजरी रेलवे लाइन पर पहुंच ट्रेन के सामने छलांग लगा दी। ट्रेन की चपेट में आने से किशोरी के चीथड़े उड़ गए। हादसा देख आस-पास मौजूद लोग भागकर मौके पर पहुंचे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौजूद लोगों से शव की पहचान कराने के बाद घटना की जानकारी परिजनों को दी। बेटी के मौत की खबर सुनते ही परिवार के लोग रोते-बिलखते घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में हुई किशोरी की मौत से परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।