सैनी इलाके में रविवार को दरिंदों ने युवती के साथ सामूहिक दुराचार किया। हवस मिटाने के बाद दरिंदे कहीं भी शिकायत पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। घर लौटे परिजनों को युवती ने आपबीती बताई तो वह भी कुछ नहीं बोल सके। दूसरे दिन पीड़िता शिकायत लेकर सैनी कोतवाली पहुंची तो पुलिस ने डांटकर भगा दिया। बुधवार को पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देते हुए न्याय की गुहार लगाई।
सैनी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती रविवार की शाम घर पर अकेली थी। इसी दौरान करारी इलाके के तीन युवक उसके घर पहुंचे। बताया कि युवकों का काफी दिनों से उसके घर आना-जाना था। घर में अकेली देख दरिंदे उसे दबोच कर कमरे में उठा ले गए। इसके बाद उसके साथ हैवानियत की। दरिंदगी के बाद युवक कहीं भी शिकायत करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। देर शाम घर लौटे परिजनों को युवती ने आपबीती बताई, पर वह भी खामोश रहे।
परिजनों की इस चुप्पी से घबराई युवती दूसरे दिन फरियाद लेकर सैनी कोतवाली पहुंची। आरोप है कि तहरीर लेने के बाद पुलिस ने डांटकर भगा दिया। इलाकाई पुलिस की अनदेखी और दरिंदों की धमकी से सहमी पीड़िता बुधवार को मंझनपुर पहुंची। युवती ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देते हुए न्याय की गुहार लगाई। एसपी वीके मिश्र ने सैनी कोतवाल को जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया है।
किशोरी को भगा ले गया मनचला युवक
पिपरी इलाके के एक गांव की रहने वाली किशोरी को पड़ोस का रहने वाला मनचला युवक प्रेम जाल में फंसा कर भगा ले गया। सोमवार की शाम किशोरी घर से खेत जाने के लिए निकली थी। खोजबीन के दौरान पता चला कि किशोरी पड़ोसी युवक के साथ चली गई है। मंगलवार को पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
किशोरी से दुराचार की कोशिश
सैनी इलाके में बुधवार की सुबह पड़ोसी युवक ने किशोरी के साथ दुराचार का प्रयास किया। सुबह किशोरी खेत की ओर गई थी। शोर मचाने पर युवक धमकी देते हुए मौके से भाग निकला। दोपहर पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर घटना की तहकीकात शुरू कर दी है।