सैनी कोतवाली इलाके के अजुहा रसूलपुर गांव में बुधवार की सुबह मासूम आग का गोला बन गई। सुबह का नाश्ता बनाते समय हादसा हुआ। बच्ची की चीख सुन घर परिवार के लोग भागकर मौके पर पहुंचे। आनन-फानन परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। छात्रा को इलाहाबाद के एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
सैनी कोतवाली के अजुहा रसूलपुर निवासी राम बदन किसान है। उसकी बेटी सुनीता देवी (12) कक्षा पांचवीं की छात्रा है। बुधवार की सुबह सुनीता रसोईघर में नाश्ता बना रही थी। इसी दौरान चूल्हे से निकली चिंगारी से छात्रा के कपडे़ में आग लग गई। देखते ही देखते सुनीता आग की लपटों से घिर गई। छात्रा की चीख सुन घर-परिवार के लोग भागकर पहुंचे। किसी तरह घर वालों ने सुनीता को आग से बचाते हुए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने बच्ची की हालत नाजुक देख प्राथमिक उपचार के बाद इलाहाबाद एसआरएन रेफर कर दिया। जहां छात्रा की हालत नाजुक बनी हुई है।