इलाके के मुस्तफाबाद गांव के समीप शनिवार की रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार डंपर चालक की मौत हो गई। वह एक वैवाहिक कार्यक्रम से लौट से लौट रहा था। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस आरोपी वाहन चालक की तलाश कर रही है। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है।
पिपरी के मैनापुर गांव का रामबाबू पुत्र सरयू प्रसाद (32) पेशे से डंफर चालक था। शनिवार की शाम वह अपने एक दोस्त की शादी में शामिल होने भखंदा गया था। रात को लौटते वक्त मुस्तफाबाद गांव के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। ठोकर लगते ही रामबाबू गिरकर लहूलुहान हो गया।
रात का वक्त होने की वजह से उसपर किसी की नजर नहीं पड़ी। सुबह पांच बजे के आसपास ग्रामीण शौच के लिए निकले तो देखा कि रामबाबू सड़क किनारे मृत अवस्था में पड़ा था। इसकी जानकारी होते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर पुलिस और परिजन भी पहुंच गए। पुलिस ने पंचनामा कर मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना से पीड़ित परिवार के सदस्यों की रो-रोकर हालत खराब है। रामबाबू अपने पीछे पत्नी के अलावा छोटे-छोटे चार बच्चों को छोड़ गया है। मामले में सरायअकिल एसओ उमाशंकर यादव का कहना है कि ठोकर मारने वाले वाहन की तलाश कराई जा रही है।