सीएचसी इस्माइलपुर में बृहस्पतिवार की रात एक नवजात ने जन्म लेने के कुछ देर बाद दम तोड़ दिया। आरोप है कि नवजात की हालत बिगड़ने पर परिजन चिकित्सकों को बुलाने के लिए परेशान रहे, लेकिन अस्पताल में कोई भी चिकित्सक नहीं मिला। सुबह पीड़ित परिवार ने मामले की शिकायत सीएमओ से की।
सिराथू तहसील के दारानगर निवासी कशिश पत्नी मतमूदुल हसन को बृहस्पतिवार की दोपहर प्रसव पीड़ा हुई। परिजन उसे लेकर सीएचसी इस्माइलपुर पहुंचे। प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराई गई विवाहिता ने रात तकरीबन डेढ़ बजे बेटे को जन्म दिया। जन्म के बाद जच्चा और बच्चा दोनाें स्वस्थ थे। बताया जाता कि रात लगभग ढाई बजे अचानक शिशु की हालत बिगड़ने लगी। अस्पताल में मौजूद स्टाफ नर्स वंदना मिश्रा के अलावा विवाहिता के पति मतमूदुल हसन ने सीएचसी अधीक्षक को चिकित्सकों को भेजने के लिए कई बार फोन किया। आरोप है कि बार-बार कहने के बाद भी कोई भी चिकित्सक अस्पताल नहीं पहुंचा। इधर, इलाज के अभाव में नवजात शिशु की सांसें थम गई। सुबह होने पर पीड़ित पिता ने मामले की शिकायत सीएमओ को फोन करके की। उन्होंने मामले की जांच कराकर कार्रवाई का भरोसा शिकायतकर्ता को दिलाया।