शव दफनाने की जमीन को लेकर मंगलवार को पुरखास गांव में दो पक्ष के लोग आमने-सामने हो गए थे। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्ष के लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। यही नहीं पुुलिस ने विवाद के मद्देनजर अपनी मौजूदगी ने शव को दफन भी कराया।
सरायअकिल थाना क्षेत्र के पुरखास गांव निवासी कल्लू की चार वर्षीय बेटी विमला की मंगलवार की सुबह मौत हो गई। वह कई दिनों से बीमार थी। दोपहर परिवार के लोग शव दफनाने के लिए गांव के समीप स्थित कब्रिस्तान पर पहुंचे। लोग गड्ढा खोद रहे थे, तभी गांव के शंकर लाल, गरीब दास, भोला आदि वहां पहुंचे और इस जमीन को अपनी बताते हुए यहां शव दफन करने का विरोध करने लगे। इसे लेकर दोनों पक्ष के लोग आमने-सामने हो गए। इनके बीच तीखी नोक-झोंक होने लगी। मामला बिगड़ता देख किसी ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर गांव पहुंची पुलिस ने दोनों पक्ष के लोगों को समझाकर शांत कराया। पुलिस ने मौजूद रहकर शव को दफन भी कराया। एसओ पीके यादव ने बताया कि जिस जमीन को लेकर विवाद हो रहा था। उसका कोई सीमांकन नहीं कराया गया है। जमीन को गांव के अन्य लोग भी कब्रिस्तान बता रहे हैं। दूसरे पक्ष के लोगों को कह दिया गया है कि वे एसडीएम के यहां प्रार्थनापत्र देकर अपनी जमीन का सीमांकन करा लें।