मंझनपुर। बेखौफ चोरों ने शुक्रवार की रात बसावनपुर गांव केकिसान का घर खंगाल डाला। दीवार फांदकर चोर नगदी, गहने समेत करीब तीन लाख रुपये का सामान समेट ले गए। सुबह घटना की खबर लगते ही गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर आई पुलिस ने मौका मुआयना किया। साथ ही पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोखराज कोतवाली क्षेत्र के बसावनपुर गांव का रहने वाला मूलचंद्र किसान है। बुआई के बाद वह भट्ठे पर काम करने के लिए चला गया था। घर में पत्नी भूला देवी बच्चों के साथ थी। शुक्रवार की रात दीवार फांदकर चोर कमरे और संदूक का ताला तोड़कर 10 हजार रुपये के साथ ही गहने, कपड़े, बर्तन आदि करीब तीन लाख रुपये का सामान उठा ले गए। सुबह सोकर जागने पर कमरे, संदूक और आलमारी के ताले टूटे और सामान गायब देख घरवालों के होश उड़ गए।
चीख-पुकार पर गांववालों की भीड़ जमा हो गई। गांव में चोरी की सूचना लगते ही कोखराज पुलिस भी मौके पर पहुंची। मौका मुआयना करने के साथ ही पुलिस ने पीड़ित परिवार के साथ गांववालों से भी पूछताछ की। भुक्तभोगी से तहरीर लेकर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसओ जेपी यादव ने बताया कि घटना की छानबीन की जा रही है। उधर, रात हुई चोरी की घटना से गांववालों में खौफ है।