मंझनपुर/करारी (ब्यूरो)। प्रधान पद के चुनाव के पहले चरण में कौशाम्बी में फर्जी वोटिंग को लेकर दर्जनों बूथ पर दिन भर खूब हंगामा हुआ। सबसे ज्यादा उपद्रव मंझनपुर के पाता, बरलहा और मूरतगंज के बरई सलेम और सैयद सरावां बूथ में हुआ। पाता बूथ पर एक प्रत्याशी और एक उम्मीदवार के पति और समर्थकों के बीच हाथापाई भी हो गई। ईंट-पत्थर भी चले। इससे बूथ पर घंटे भर तक अफरातफरी की स्थिति बनी रही। डीएम, एसपी के साथ आई फोर्स ने उपद्रवियों पर लाठी भांजकर बवाल शांत कराया। इस दौरान पुलिस ने बरलहा, बरई सुलेम और सैयद सरावां बूथ से एक-एक प्रत्याशी और उम्मीदवार के पति को हिरासत में ले लिया। मतदान के बाद ही इन्हें छोड़ा गया।
कौशाम्बी में पंचायत चुनाव के पहले चरण में मंझनपुर और मूरतगंज ब्लाक के 121 ग्रामसभा के 411 बूथों पर शनिवार को मतदान हुआ। इस दौरान बरलहा, पाता, पिंडरा, समदा, टेन शाहआलमाबाद, मंगौरा, सैयद सरावां, बरई सुलेम, उमरछा, बसेढ़ी, मोइनुद्दीनपुर गौस, उजिहिनी हसन, काजीपुर आदि बूथों पर फर्जी वोटिंग को लेकर बवाल हुआ। सबसे ज्यादा बवाल पाता, बरलहा और बरई सुलेम बूथ पर देखने को मिला। दिन में करीब 10 बजे करारी क्षेत्र के बरलहा बूथ पर फर्जी वोटिंग कराने को लेकर प्रधान पद के प्रत्याशी इसराइल और एक उम्मीदवार के पति जसवंत यादव के बीच झड़प हो गई। बूथ के बाद इन दोनों के बीच होती झड़प से दोनों पक्ष के समर्थक भी जुट गए।
बूथ पर बवाल की सूचना पर डीएम, एसपी, एएसपी, सीओ कई थानों की फोर्स और पीएसी के लेकर पहुंचे। अफसरों के साथ आई फोर्स ने उपद्रवियों पर लाठी भांजकर उन्हें बूथ से दूर खदेड़ा। इतना ही नहीं उपद्रवियों की तलाश में पुलिस ने गांव में भी दबिश दी। साथ ही पुलिस ने इसराइल और जसवंत यादव को हिरासत में भी ले लिया था। ऐसा ही उपद्रव मंझनपुर के पाता बूथ में भी हुआ। यहां फर्जी वोटिंग को लेकर दो पक्ष भिड़ गए। इनमें मारपीट के साथ ईंट-पत्थर भी चले। अफसरों के साथ आई फोर्स ने यहां भी लाठी के बल पर उपद्रव पर काबू पाया। पुलिस ने कई लोगों पर लाठी भी बरसाई। इसी तरह से बरई सुलेम, सैयद सरावां में भी फर्जी वोटिंग को लेकर प्रत्याशियों में भिड़ंत हुई। मौके पर पहुंचे अफसरों ने यहां भी झगड़ा कर रहे लोगों को हिरासत में लेकर मामला शांत कराया।
मंझनपुर ब्लाक के बरलहा गांव में फर्जी वोटिंग को लेकर प्रत्याशी और उनके समर्थकों के बीच हुई मारपीट के बाद पुलिस ने प्रधान प्रत्याशी इसराइल और एक उम्मीदवार के पति को हिरासत में ले लिया था। मतदान होने तक दोनों को थाने में बैठाए रखा गया। दिन में करीब 3 बजे सिपाहियों के साथ आकर दोनों ने अपने-अपने वोट डाले। मतदान के बाद दुबारा पुलिस उन्हें लेकर थाने चली गई। मतदान के बाद ही इन्हें छोड़ा गया।
पंचायत चुनाव के पहले चरण में फर्जी वोटिंग को लेकर हंगामे के बीच कई नाबालिग भी वोट डालने पहुंच गए थे। कई बूथों पर तो इन नाबालिगों ने वोट भी डाले। मगर जिन बूथों पर फर्जी वोटिंग को लेकर बवाल हुआ वहां लाइन में लगे नाबालिगों को पुलिस ने धर दबोचा। मंझनपुर के बरलहा बूथ से पुलिस ने तीन और पिंडरा बूथ से दो किशोरों को दूसरे की आईडी लेकर वोट डालने के लिए लाइन में खड़े देख पकड़ लिया। इन सभी किशोरों को पुलिस ने कुछ देर तक हिरासत में रखा। बाद में बूथ पर नहीं दिखने की हिदायत देकर छोड़ दिया गया।