बेखौफ चोरों ने शुक्रवार की रात जगन्नाथपुर गांव के तीन घर से हजारों का माल समेट लिया। सेंध काटकर घरों में घुसे चोर नगदी के अलावा कपड़े, बर्तन, खाद्यान्न आदि सामान उठा ले गए। भुक्तभोगियों की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। घटना से पूरे गांव में दहशत है।
मोहब्बतपुर पइंसा थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुर गांव निवासी शिवभूषण किसान है। शुक्रवार की रात सेंध काटकर उसके घर में घुसे चोर 5700 रुपये के अलावा गेंहू, चावल, बर्तन, कपड़े आदि सामान उठा ले गए। शिवभूषण का मकान खंगालने के बाद चोरों ने पड़ोसी सुखई के घर में सेंध काटी। सुखई के घर से चोर 14000 रुपये के अलावा गहने, कपड़े बर्तन समेत करीब 50 हजार का सामान ले भागे। इसके बाद चोरों ने सुखई के जालंधर में रहने वाले भाई श्यामलाल के बंद मकान में सेंध लगाई। यहां से भी चोर संदूक, सूटकेश आदि उठा ले गए।
श्यामलाल के घर से चोरी हुआ संदूक, सूटकेस करीब दो सौ मीटर दूर एक खेत में तोड़कर फेंका मिला। चोरी की इन घटनाओं की जानकारी लोगों को सुबह जागने पर हुई। दीवार में सेंध कटी और घरों में बिखरा सामान देख लोग सन्न रह गए। चीख-पुकार पर गांववालों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर आई पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद भुक्तभोगियों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। उधर, एक ही रात में तीन घरों में हुई चोरी से घटना से ग्रामीणों में दहशत है। बता दें कि त्यौहार के मौसम में रोजाना किसी न किसी गांव में चोरी की घटनाएं हो रही है। इसे लेकर लोग खौफजदा हैं।