जमीन पर कब्जे को लेकर बृहस्पतिवार की सुबह दरियापुर (रमुहापर) गांव के दो पक्ष भिड़ गए। इनके बीच जमकर लाठी-डंडे चले। मारपीट में 17 लोग घायल हुए हैं। दोनों ओर से मिली तहरीर के आधार पर पुलिस ने 16 लोगों के खिलाफ मारपीट करने की एफआईआर दर्ज कर ली है। घटना को लेकर दोनों पक्षों में तनातनी बनी हुई है।
पिपरी थाना क्षेत्र के दरियापुर (रमुहापर) गांव निवासी छेदीलाल और हरिश्चंद्र के बीच जमीन ग्रामसभा की जमीन कब्जे को लेकर काफी दिनों से तनातनी है। दोनों ने ग्रामसभा की जमीन पर कब्जा करके मकान बना रहा था। हरिश्चंद्र अपने इसी नए बने मकान के सामने टीन शेड डाल रहा था।
तभी वहां पहुंचे छेदीलाल ने इसका विरोध किया। इस लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। तीखी नोक-झोंक होती देख दोनों पक्ष के अन्य लोग भी लाठी-डंडे लेकर आ गए। देखते ही देखते दोनों परिवारों में मारपीट शुरू हो गई। लाठी-डंडे के इस हमले में हरिश्चंद्र (35), रामचंद्र (30), श्रीचंद्र (28), निर्मला देवी (55), सावित्री देवी (60), महेश प्रसाद (40), अमृत लाल (60), लल्ला (55) और दूसरे पक्ष से छेदी लाल (55), लेखपाल (36), राम अवतार (60), भोला प्रसाद (40), सुरेश कुमार (30), धनपत (55), राजेन्द्र प्रसाद (30), ननकू (55) और भैयालाल (40) घायल हो गए। मारपीट होती देख और घायलों की चीख-पुकार पर गांववाले दौड़े। ग्रामीणों ने बीच बचाव करके मामला शांत कराया। उधर, गांव में दो पक्षों के बीच जमकर हुई मारपीट की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं दोनों पक्ष ने एक दूसरे पर हमले का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने 16 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करते हुए घटना की छानबीन श्ुारू कर दी है। मारपीट की इस घटना से दोनों तरफ तनातनी बनी हुई है।