पपिरी इलाके मेें रहकर जमीन की खरीद-फरोख्त करने वाला फरेबी युवक क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को चूना लगाकर फरार हो गया। जालसाज ने इन युवाओं को सचिवालय और एआरटीओ कार्यालय में नौकरी दिलाने का झांसा देकर दस लाख रुपये ठगा है। शुक्रवार की वह सुबह एक युवक की बाइक लेकर लापता हो गया। जालसाज को गायब देख युवाओं के होश उड़ गए। खोजबीन के बाद रविवार को भुक्तभोगी युवकों ने मामले की नामजद तहरीर पिपरी पुलिस को दी। तहरीर लेने के बाद पुलिस घटना की जांच के साथ फरेबी युवक की तलाश में जुटी है।
पिपरी थाना क्षेत्र के फतेहपुर शहाबपुर गांव निवासी संदीप कुमार, गुलशन, रंजीत कुमार, अजय कुमार, कुलदीप, धीरेन्द्र कुमार, राहुल ने बताया कि चार महीने पहले झूंसी (इलाहाबाद) निवासी अनुज कुमार क्षेत्र में आकर किराए का मकान लेकर रहने लगा था। वह यहां जमीन की खरीद-फरोख्त का करता था। इस दौरान इस फरेबी ने उन लोगों से सचिवालय और एआरटीओ कार्यालय में नौकरी दिलाने का झांसा देकर अपने सब्जबागज में फंसाया और डेढ-डेढ लाख रुपये ले लिया। इसके बाद वह जल्द ही नौकरी मिलने का दिलासा देता रहा।
इसीबीच शुक्रवार को उसने धीरेन्द्र को बहाने से बुलाया और उसकी बाइक लेकर पुरामफ्ती जाने के लिए निकला। जब वह काफी देर रात तक नहीं लौटा, तो युवकों ने मोबाइल पर काल करने की कोशिश की, लेकिन उसका मोबाइल बंद था। लोग दो दिनों तक उसकी खोजबीन करते रहे। सभी संभावित स्थानों पर तलाश करके बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगा। इससे परेशान युवकों ने रविवार को घटना की नामजद तहरीर पुलिस को दी। पीड़ित युवकों से तहरीर लेर पुलिस घटना की तफ्तीश और नौकरी के नाम पर मोटी रकम लेकर फरार हुए व्यक्ति की तलाश में जुटी है।