कौशाम्बी के कोखराज इलाके में बुधवार की रात एक युवक की हत्या कर दी गई। हत्यारों ने चाकुओं से गोदकर उसे मौत के घाट उतारा। हत्या के बाद शिनाख्त मिटाने के लिए शव भी जलाने का प्रयास किया गया। सुबह सड़क किनारे अधजली लाश देख गांववाले सन्न रह गए। मृतक के बांये अंगूठे में स्याही का निशान देख लोग जमीन रजिस्ट्री के विवाद में हत्या होने की आशंका जाहिर कर रहे हैं। घंटों की मशक्कत के बाद भी मृतक की पहचान नहीं हो सकी। एएसपी ने बताया कि जमीन विवाद समेत सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। शव की शिनाख्त और तफ्तीश के बाद ही हत्या की वजह और हत्यारों का पता चलेगा।
मंझनपुर-भरवारी मुख्यमार्ग से खोरांव होते हुए शहजादपुर जाने वाले संपर्क मार्ग के किनारे बृहस्पतिवार की सुबह खोरांव गांव के लोगों ने झाड़ी में एक युवक की अधजली लाश देखी। खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी तो उनके होश उड़ गए। चीख-पुकार मचने पर भीड़ जमा हो गई। सूचना पर एएसपी ओपी पांडेय, सीओ के साथ इलाकाई पुलिस भी पहुंची। शव देखने वाले ग्रामीणों ने बताया कि मरने वाला युवक करीब 22 से 24 साल का था। उसके जिस्म पर चाकू जैसे किसी धारदार हथियार से हमले के कई जख्म हैं। ऐसा लगता है कि उसे धारदार हथियार से मारने के बाद हत्यारों ने पहचान मिटाने के लिए तेल उड़ेलकर शव जलाने की कोशिश की। आग लगाने के बाद हत्यारे शव सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए। उधर, पुलिस ने शव झाड़ी के बाहर निकालकर शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन मौजूद कोई भी व्यक्ति पहचान नहीं कर सका।
हालांकि इस दौरान मृतक के बांये हाथ के अंगूठे में स्याही का निशान देख लोग हतप्रभ रह गए। लोगों के साथ ही पुलिस का भी मानना है कि संभव है कि युवक का किसी से जमीन आदि का विवाद रहा हो। हत्यारों ने उससे पहले इसी विवादित जमीन की रजिस्ट्री कराई हो। इसके बाद अगवा करके उसे मारकर यहां फेंक दिया। एएसपी ओपी पांडेय ने बताया कि मृतक के अंगूठे में लगा स्याही का निशान एक बड़ा क्लू है। इससे पुलिस को हत्यारों तक पहुंचने में मदद मिलेगी। उन्होंने एसओ कोखराज को घटना की गंभीरता से तफ्तीश करने और जल्द से जल्द हत्यारों का सुराग लगाकर उनकी गिरफ्तारी का निर्देश दिया है।