चरवा इलाके की एक किशोरी को सोमवार की शाम मनचले युवक कार में खींचकर उठा ले गए। बेटी के अपहरण की भनक लगते ही पूरा परिवार उसकी तलाश में रात भर भटकता रहा। दो दिनों तक परिजन उसकी खोजबीन करते रहे, लेकिन किशोरी और उसके अपहर्ताओं का कोई सुराग नहीं लगा। दो दिन भी पुलिस इस मामले में चुप्पी साधे रही। बृहस्पतिवार को भुक्तभोगी पिता की तहरीर पर पुलिस ने चार अपहर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। एसओ ने बताया कि मामला संदिग्ध नजर आ रहा है। प्रकरण की जांच की जा रही है।
चरवा थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी सोमवार की शाम करीब सात बजे खेत की ओर गई थी। बताया जा रहा है कि वहां पहले से घात लगाकर बैठ कार सवार चार युवक उसे जबरन खींचकर ले भागे। किशोरी के देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। इस दौरान उन्हें अपहरण की जानकारी हुई। सोमवार की रात और मंगलवार को दिन भर पूरा परिवार अगवा हुई बेटी की तलाश में जुटा रहा, लेकिन कुछ पता नहीं चला। बुधवार को भुक्तभोगी पिता ने घटना की जानकारी चरवा पुलिस को दी।
आरोप है कि पुलिस पहले रिपोर्ट दर्ज करने में ही आनाकानी करती रही। दो दिन बाद उसने एफआईआर दर्ज की। परिवार के लोगों ने गांव के युवक और उसके दोस्तों पर बेटी को अगवा करने का आरोप लगाया है। किशोरी के अपहरण किए जाने के बाद से पीड़ित परिवार के लोगों का हाल बेहाल है। एसओ चरवा उमाशंकर यादव का कहना है कि किशोरी को एक युवक बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। अपहरण जैसी कोई बात नहीं है। पुलिस घटना की जांच पड़ताल कर रही है। तफ्तीश और अपहर्ताओं की गिरफ्तारी के बाद सारी सच्चाई सामने आएगी।