नेवादा (ब्यूरो)। सरायअकिल के बसुहार गांव के जय नारायण की मौत के मामले में उसकी बेटी की ससुरालवाले फंस गए हैं। आरोप है कि प्रेम विवाह करने के बाद दामाद और उसके परिवार के लोग चार लाख रुपये दहेज मांगने लगे थे। इंकार करने पर बेटी से मिलने नहीं दिया जा रहा था। बेटे की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
बता दें कि सरायअकिल कोतवाली क्षेत्र के बसुहार गांव निवासी जय नारायण त्रिपाठी (55) की शनिवार की शाम संदिग्ध दशा में मौत हो गई थी। घर के भीतर उनकी लाश फंदे से लटकती मिली थी। मृतक के बेटे गिरिजा शंकर ने बताया कि गांव के ही एक युवक ने उसकी बहन को प्रेमजाल में फंसाकर शादी कर ली थी।
शादी के बाद युवक और उसके परिवार के लोग चार लाख रुपये दहेज की मांग करने लगे। इतनी रकम नहीं दे पाने पर बहन को मायके नहीं आने दिया जा रहा था। इतना ही नहीं उसे माता, पिता या मायके के किसी सदस्य से मिलने पर भी पाबंदी लगा दी गई थी। गिरिजा शंकर की मानें तो दो दिन पहले भी उसके पिता बेटी से मिलने गए थे, जहां उन्हें बेटी से मिलने नहीं दिया गया था।
साथ ही उनके साथ अभद्रता भी की गई। इस अपमान के बाद से ही वह गुमशुम रहने लगे और इसके चलते ही उन्होंने खुदकुशी की। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मृतक के दामाद, समधी, समधिन समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसओ ने बताया कि प्रकरण की जांच की जा रही है। तफ्तीश के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।