पिपरी इलाके में शनिवार की शाम खेत की ओर गई किशोरी के साथ पड़ोसी युवक ने दुष्कर्म का प्रयास किया। किशोरी के शोर मचाने पर युवक कहीं भी शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देेते हुए भाग निकला। घर पहुंची पीड़िता ने आपबीती परिजनों को बताई। किशोरी के भाई की तहरीर पर मनचले युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर पुलिस घटना की छानबीन में जुटी है।
पिपरी थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी शनिवार शाम खेत की ओर गई थी। बताया कि अकेली देख पड़ोसी युवक जबरदस्ती उसे दबोच कर खेत की ओर घसीटने लगा। युवक का दुस्साहस देख वह अस्मत बचाने के लिए चीखने-चिल्लाने लगी। किशोरी के शोर मचाने पर मनचला युवक उसे कहीं भी शिकायत पर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकला। युवक के चंगुल से छूटी किशोरी रोते हुए घर पहुंची और आपबीती परिजनों को बताई। पड़ोसी युवक की हरकत सुन परिजनों के होश उड़ गए। देर रात उलहना देने के बाद पीड़िता का भाई थाने पहुंचा और घटना की नामजद शिकायत पुलिस से की। पीड़िता के भाई की तहरीर पर पुलिस ने मनचले युवक के खिलाफ दुष्कर्म के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद से युवक घर छोड़कर फरार है। एसओ ने बताया कि घटना की जांच और मनचले युवक की तलाश की जा रही है।