कोखराज कोतवाली क्षेत्र के भटपुरवा गांव में शनिवार की रात बेखौफ चोर किसान का घर खंगाल ले गए। पहले से घर में छिपे चोरों के गिरोह ने नगदी समेत सोने-चांदी के गहने समेत दो लाख रुपये की संपत्ति पार कर दी। सुबह बाहर से बंद दरवाजा और घर के बिखरे सामान देख गृहस्वामी के होश उड़ गए। चोरी की वारदात से गांव में दहशत पसरी है। सूचना पर गांव पहुंची पुलिस ने मौका-मुआयना करने के बाद गृहस्वामी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
कोखराज कोतवाली क्षेत्र के भटपुरवा गांव का रहने वाला मूलचंद्र पुत्र मोतीलाल किसान है। शनिवार की रात वह खाना खाने के बाद परिवार के साथ छत पर सो रहा था।
बताया जा रहा है कि शाम को मौका पाते ही चोरों का गिरोह किसान के घर में जाकर छिप गया। रात परिजनों के सोने के बाद कमरे में रखे बक्से का ताला तोड़ते हुए तीस हजार रुपये नगद, सोने-चांदी के गहने, बर्तन, कपड़े आदि करीब दो लाख रुपये के सामान उठा ले गए। घटना की जानकारी गृहस्वामी को सुबह जगने के बाद हुई। घर के पीछे का बाहर से बंद दरवाजा और बिखरा सामान देख परिजनों के होश उड़ गए। पड़ोसी के घर चोरी की भनक लगते ही मौके पर लोगों का मजमा जमा हो गया। सूचना पर गांव पहुंची पुलिस ने मौका-मुआयना करने के बाद भुक्तभोगी किसान की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। चोरी की घटना से गांव में दहशत पसरी है। लोगों का कहना है कि पुलिस की गश्त नहीं होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं। यही कारण है कि रोजाना चोर मकान-दुकान खंगाल रहे हैं।