कस्बे के नेता नगर मोहल्ले में सोमवार रात बेखौफ चोरों ने किराने की दुकान का शटर तोड़ नगदी समेत करीब एक लाख रुपये का सामान पार कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद चोर भाग निकले। घटना की जानकारी दुकानदार को सुबह हुई तो उसके होश उड़ गए। पुलिस तफ्तीश में जुटी है।
नेता नगर मोहल्ला निवासी मोहम्मद शमीम उर्फ अंसारी ने घर पर ही किनारे की दुकान खोल रखी है। सोमवार रात वह दुकान बंद करने के बाद परिवार के साथ दूसरी मंजिल पर सो रहा था। रात में चोर दुकान के शटर का ताला तोड़ अंदर घुसे। आलमारी में रखे 50 हजार रुपये के अलावा, दाल, चावल, चीनी, घी, मसाला समेत करीब एक लाख रुपये का सामान उठा ले गए। घटना की जानकारी दुकानदार को सुबह हुई। पुलिस दुकानदार की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।