दिल्ली में सुरक्षा गार्ड की नौकरी करने वाले बिहार के युवक को कौशाम्बी के एक व्यक्ति ने गांव लाकर बंधुआ मजदूर बना दिया। उधार दिया पैसा गांव में वापस करने का झांसा देकर उसे 6 महीने तक बंधक रखकर बेगारी कराई। बृहस्पतिवार को वह किसी तरह वहां से भाग निकला और मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की। भुक्तभोगी ने दबंग युवक से जान का खतरा होने का अंदेशा जताया है। एसपी ने एसओ को जांच और कार्रवाई का निर्देश दिया है।
बिहार जिले के भभुवा गांव का रहने वाले रामचंद्र पुत्र नथुन दिल्ली की एक प्राइवेट कपंनी में सुरक्षा गार्ड था। वहीं उसकी मुलाकात कौशाम्बी के कोखराज इलाके के नौढ़िया गांव के एक व्यक्ति से हुई। दोनों में दोस्ती हो गई। इस दौरान कौशाम्बी के युवक ने मकान निर्माण के लिए उससे 1.70 लाख रुपये उधार ले लिया। पैसे मांगने पर वह बहाने बनाता रहा। करीब 6 महीने पहले उधार वापस मांगने पर वह उसे गांव लेकर आया। यहां बंधक बनाकर छह महीने तक उससे बेगारी कराई। दिनभर उससे घरेलू काम कराया जाता। पैसे मांगने और घर जाने की बात कहने पर उसके साथ मारपीट की गई। जानलेवा धमकियां भी दी जाती रही। बुधवार की शाम किसी तरह दबंग के कब्जे से छूटकर वह भाग निकला।
रात एक बाजार में गुजारने के बाद वह बृहस्पतिवार को मंझनपुर पहुंचा और मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की। एसपी वीके मिश्र ने युवक के आरोपों की सच्चाई खंगालने का निर्देश एसओ कोखराज को दिया है। एसपी ने बताया कि जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कराकर कार्रवाई की जाएगी।