पिपरी क्षेत्र के एक गांव की किशोरी को बृहस्पतिवार की शाम बाइक सवार दो युवकों ने अगवा कर लिया। खेत की ओर जाते समय युवक उसे जबरदस्ती बाइक में बैठाकर ले भागे। चीखने-चिल्लाने पर खेतों में काम कर रहे लोगों ने अपहर्ताओं का पीछा किया, लेकिन युवक भाग निकले। सरेराह हुई अपहरण की इस घटना से इलाकेभर में सनसनी मच गई। किशोरी के पिता की तहरीर पर पुलिस ने गांव के दो युवकों के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसओ ने बताया कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस किशोरी और अपहर्ताओं की तलाश में जुटी है।
पिपरी थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी बृहस्पतिवार की शाम करीब 5 बजे खेत की ओर गई थी। तभी रास्ते में बाइक लेकर खड़े दो युवकों ने उसे रोका। जब तक वह कुछ समझ पाती युवकों ने उसे जबरदस्ती बाइक पर बैठाया और ले भागे। खुद को बचाने के लिए किशोरी ने शोर मचाया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग दौड़े। गांववालों ने अपहर्ताओं का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। उधर, सरेराह किशोरी के अपहरण की भनक लगते ही गांव में सनसनी मच गई।
परिजन और गांव के तमाम लोग किशोरी और दोनों युवकों की खोजबीन में जुटे। आधी रात तक पूरा गांव तलाश में भटकता रहा, लेकिन तीनों का कुछ पता नहीं लगा। इसके बाद पीड़ित परिवार के लोग पिपरी थाने पहुंचे। जहां किशोरी के पिता ने गांव के ही दो युवकों पर बेटी को अगवा करके ले जाने की तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर युवकों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है। एसओ विनोद यादव ने बताया कि मामले की गंभीरता से छानबीन की जा रही है। किशोरी और उसे जबरदस्ती उठा ले जाने वाले दोनों युवकों की तलाश की जा रही है। धरपकड़ होने के बाद ही घटना की सच्चाई का पता चलेगा।