सरायअकिल थाना क्षेत्र के तरना गांव में बृहस्पतिवार की शाम जमीन के विवाद में दबंगों ने एक व्यक्ति की जमकर पिटाई की। इस दौरान उसकी घर में संदिग्धदशा में आग लग गई। आरोप है कि हमलावरों ने ही उसके घर में आग लगाई है। भुक्तभोगी की शिकायत पर पुलिस तफ्तीश में जुटी है।
सरायअकिल थाना क्षेत्र के तरना गांव निवासी भैयालाल किसान है। उसका गांव के ही एक व्यक्ति से जमीन को लेकर काफी दिनों से विवाद चल रहा है। इसी विवाद में बृहस्पतिवार को भी उसका पड़ोसी से झगड़ा हुआ था। वहीं शाम को वह घर के सामने बैठा था। तभी दिन में हुए झगड़े को लेकर पड़ोसी आया और उससे भिड़ गया। कहासुनी के दौरान पड़ोसी और उसके साथ रहे लोगों ने उसकी पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान ही उसके घर में आग लग गई। आरोप है कि इन्हीं हमलावरों ने मारपीट के साथ उसके घरम में आग लगाई है। उधर, घर से धुएं का गुबार और लपटें उठती देख गांव में हड़कंप मच गया। चीख-पुकार पर जुटे गांववालों ने आग पर काबू पाया। इससे ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है। वहीं घर में आग लगने और ग्रामीणों के दौड़ने पर हमलावर भाग निकले। आरोप है कि मारपीट और आगजनी की बृहस्पतिवार की रात उसने पुलिस को सूचना दी थी, लेकिन तब पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। सुबह उसने मामले की शिकायत सीओ चायल से की। सीओ के निर्देश पर एसओ ने घटना की जांच शुरू कर दी है। एसओ ने बताया कि कहासुनी, हाथापाई हुई है। घर जलाने की घटना पूरी तरह से संदिग्ध लग रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।