जमीन कब्जे को लेकर पथरावां गांव के दो पक्षों में तनाव बना है। एक पक्ष की महिला ने पड़ोसी पर भूमिधरी जमीन पर कब्जा करने तथा विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। भुक्तभोगी की शिकायत पर एसडीएम ने सैनी कोतवाली प्रभारी को जांच का निर्देश दिया है।
सिराथू तहसील के पथरावां गांव की झुलरी देवी पत्नी रामबली ने बताया कि सालभर पहले उसने एक व्यक्ति से भूमिधरी जमीन का बैनामा कराया है। आरोप है कि गांव का ही एक व्यक्ति इस जमीन को अपनी बताते हुए उसे कब्जा नहीं करने दे रहा है। वह जमीन की कीमत मांग रहा है। इसकी उसने सैनी कोतवाली में शिकायत की। इसके बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। महिला की मानें तो सैनी कोतवाली का एक सिपाही भी विपक्षी से मिला हुआ है। वह भी उसके ऊपर पैसा ले-देकर समझौते का दबाव बना रहा है।
इंकार करने पर सिपाही और कब्जेदार दोनों उसे और परिवार के अन्य सदस्यों को जान से मारने की धमकी देते रहते हैं। पड़ोसी की धमकी से वह और उसका पूरा परिवार परेशान है। सहमी महिला ने सोमवार को सिराथू तहसील पहुंचकर एसडीएम से इसकी शिकायत की। प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम लालजी मिश्र ने सैनी कोतवाल के प्रभारी और हल्का लेखपाल को जमीन की जांच करके कार्रवाई का निर्देश दिया है। एसडीएम ने बताया कि शिकायत मिली है। राजस्वकर्मी को जांच का निर्देश दिया गया है। जमीन की पैमाइश के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।