चरवा इलाके की रहने वाली एक युवती की शादी घरवालों ने पुरामुफ्ती क्षेत्र के युवक से तय की थी। रिश्ता तय होने के बाद युवक बहाने से उससे मिलता रहा। आरोप है कि इस दौरान उससे कई बार शारीरिक संबंध भी बनाए। मनमानी करने के बाद अब युवक ने शादी से इंकार कर दिया है। पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की है।
चरवा कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती ने बताया कि तीन साल पहले पड़ोसी गांव (पुरामुफ्ती क्षेत्र) के युवक से घरवालों ने उसका रिश्ता तय किया था। रिश्ता तय होने पर युवक बहाने से उससे मिलने लगा। इतना ही नहीं उसने घर आना-जाना भी शुरू कर दिया। रिश्ता तय होने से घरवाले भी उसके घर आने को लेकर कोई एतराज नहीं करते थे। युवती की मानें तो शादी तय होने की बात को लेकर युवक ने उससे शारीरिक संबंध भी बना लिए। इधर, सप्ताहभर पहले अचानक युवक ने शादी करने से इंकार कर दिया।
युवक की इस दगाबाजी से युवती के साथ ही उसके परिवारवाले भी सन्न हैं। युवती के परिजनों ने बिरादरीवालों के साथ जाकर युवक के घरवालों से मुलाकात की। पंचायत के बाद भी युवक शादी को राजी नहीं हुआ। इससे पूरा परिवार परेशान है। इधर, युवती ने बृहस्पतिवार को मंझनपुर आकर मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी रतनकांत पांडेय ने एसओ सरायअकिल को प्रकरण की गंभीरता से जांच करके कार्रवाई का निर्देश दिया है।