पिपरी क्षेत्र की एक किशोरी के साथ मंगलवार की सुबह गांव के ही युवक ने दुराचार किया। चीख-पुकार पर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों के दौड़ने पर युवक धमकी देते हुए भाग निकला। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसओ ने बताया कि किशोरी के मेडिकल मुआयने और घटना की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पिपरी कोतवाली क्षेत्र की एक किशोरी मंगलवार की सुबह करीब 7 बजे शौच के लिए खेत की ओर गई थी। आरोप है कि उसे अकेली देख गांव के ही एक युवक ने धरदबोचा। अरहर के खेत में घसीटकर उसके साथ युवक ने जबरदस्ती की। चीखने-चिल्लाने की कोशिश करने पर किशोरी की पिटाई भी की। उधर, मनमानी करने के बाद युवक धमकी देते हुए भाग निकला। युवक के भागने पर किशोरी ने शोर मचा दिया। चीख-पुकार पर आसपास के अन्य खेतों में काम कर रहे लोग आए। हालांकि तब तक युवक भाग निकला था। उधर, किसी तरह घर पहुंची किशोरी ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। घरवाले इसका उलाहना लेकर युवक के घर गए। आरोप है कि झूठा आरोप लगाने की बात कहते हुए युवक के परिजनों ने किशोरी के घरवालों को भगा दिया। इसके बाद पीड़िता को लेकर परिजन पिपरी कोतवाली गए और घटना की नामजद तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।