पिपरी कोतवाली इलाके में शनिवार की दोपहर खेत की ओर गई युवती के साथ पड़ोसी ने दुराचार का प्रयास किया। चीखने-चिल्लाने पर युवक धमकी देते हुए भाग निकला। उधर, उलाहना देने पर युवक के परिजनों ने पीड़िता के पिता और पड़ोसी के साथ हाथापाई भी की। पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसओ ने बताया कि घटना की तफ्तीश की जा रही है।
पिपरी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती ने बताया कि शनिवार की दोपहर करीब साढ़े बारह बजे वह खेत की तरफ गई थी। आरोप है कि उसे खेत की ओर अकेली जाते देख गांव का ही एक युवक आया। मुंह दबाकर युवक उसे अरहर के खेत में घसीट ले गया। जहां उसने उसके साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। खुद को बचाने के लिए उसने शोर मचा दिया। युवती के चीखने-चिल्लाने पर युवक धमकी देते हुए भाग निकला। युवक के चंगुल से छूटी युवती घर आई और घटना की जानकारी परिजनों को दी। पड़ोसी युवक की करतूत सुनकर घरवाले सन्न रह गए। परिजन इसका उलाहना देने आरोपी युवक के घर गए।
आरोप है कि उलाहना देने पर युवक और उसके परिवार के लोग झगड़े पर उतारू हो गए। झूठा आरोप लगाने की बात कहते हुए घरवालों के साथ हाथापाई भी की। उधर, शोर सुनकर गांववालों ने आकर झगड़ा शांत कराया। पीड़ित युवती के पिता ने घटना की जानकारी पिपरी पुलिस को दी। भुक्तभोगी की तहरीर पर पिपरी कोतवाली पुलिस ने आरोपी युवक और उसके पिता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसओ पीके यादव ने बताया कि पुलिस घटना की जांच के साथ ही आरोपी युवक की तलाश में लगी है। घटना को लेकर दोनों परिवारों में तनातनी बनी हुई है।