मामूली बात पर हुई कहासुनी के दौरान शनिवार की शाम दबंगों ने करारी के नयागंज मोहल्ले में चायनाश्ते की दुकान में जमकर उत्पात मचाया। दुकानदार और उसके साथ ही जमकर पिटाई की। मारपीट के साथ दुकान में तोड़फोड़ और लूटपाट का भी आरोप है। भुक्तभोगी ने घटना की तहरीर करारी पुलिस को दे दी है। इसमें तीन नामजद और करीब दर्जनभर अज्ञात युवकों पर आरोप है।
करारी कस्बे के नयागंज निवासी सानू पुत्र राजू ने कस्बे के मंझनपुर मार्ग पर ठेले पर चाय-नाश्ते की दुकान खोली है। शनिवार की शाम वह दुकान पर चाऊमीन, बर्गर आदि बनाकर बेच रहा था। बताया कि काम में मदद के लिए उसने मोहल्ले के ही एक युवक को बुला रखा था। आरोप है कि इसी दौरान आजाद नगर मोहल्ले का सलमान वहां आया और मोहल्ले के युवक को मदद करते देखकर उसे उल्टा-सीधा कहने लगा। विरोध करने पर वह युवक से भिड़ गया। मौजूद लोगों ने मामला शांत कराया। दुकानदार के मुताबिक इसके करीब आधे घंटे बाद सलमान 10-12 युवकों के साथ उसकी दुकान पर आकर हमला कर दिया। आरोप है कि उसकी इन युवकों ने जमकर पिटाई की। साथ ही बिक्री का सारा पैसा लूटने के साथ ही उसकी दुकान में तोड़फोड़ की।
सामान समेत पूरा ठेला सड़क पर पलट दिया। चीख-पुकार पर मोहल्ले के लोगों की भीड़ जुटती देख हमलावर उसे धमकी देते हुए भाग निकले। उधर, मारपीट, तोड़फोड़ की सूचना पर इलाकाई पुलिस भी आई। हालांकि पुलिस के आने से पहले ही हमलावर भाग निकले थे। भुक्तभोगी दुकानदार ने सलमान समेत तीन लोगों को नामजद और करीब दर्जनभर अज्ञात युवकों के खिलाफ करारी थाने में तहरीर दी है। एसओ ने बताया कि हमलावरों के खिलाफ जांच करके कार्रवाई की जाएगी। उधर, घटना को लेकर दोनों मोहल्लों में तनातनी बनी है।