बेखौफ टवेरा सवार बदमाशों ने रविवार की रात तेरहमील बाजार के समीप स्थित पेट्रोलपंप के सेल्समैन से 40 हजार रुपये लूट लिया। पिस्टल सटाकर घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश फायरिंग करते हुए भाग निकले। पेट्रोलपंप में हुई लूट से सनसनी मच गई। सूचना पर रात में ही फोर्स के साथ एसपी पहुंचे।
रातभर पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी रही, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस ने पंप के प्रबंधक की तहरीर चार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसपी ने बताया कि लुटेरों की तलाश में पुरामुफ्ती पुलिस के साथ एसओजी टीम को लगाया गया है।
कानपुर-इलाहाबाद हाइवे पर पुरामुफ्ती थाना क्षेत्र के तेरहमील बाजार के समीप स्थित पेट्रोल पंप पर रविवार की रात करीब 11.30 बजे टवेरा सवार चार युवक डीजल भराने के बहाने पहुंचे। सेल्समैन दीपू सिंह पुत्र दुर्गेश सिंह निवासी राजगढ़ प्रतापगढ़ ने बताया कि टवेरा सवार युवकों ने उसे डीजल भरने के लिए बुलाया। जैसे ही वह गया, टवेरा से उतरे एक युवक ने उसकी कनपटी पर पिस्टल सटाकर बिक्री का 40 हजार रुपये लूट लिया। पैसा छीनने के बाद सभी टवेरा में सवार होकर भागने लगा। उसके शोर मचाने पर पंप में मौजूद अन्य कर्मी दौड़े। लोगों ने बदमाशों का पीछा करने का प्रयास किया, तो लुटेरों ने फायर भी किया। उधर पेट्रोलपंप में लूट की जानकारी से इलाके में सनसनी मच गई। सूचना लगते ही पुरामुफ्ती थाने की फोर्स के अलावा एसपी वीके मिश्रा कोखराज थाने और एसओजी टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे। एसपी ने बताया कि मौका मुआयना करने के बाद पेट्रोलपंप के प्रबंधक सुनील कुमार तिवारी निवासी गौसपुर की तहरीर पर चार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। लुटेरों की तलाश के लिए एसओजी के साथ पुरामुफ्ती पुलिस को लगाया गया है। जल्द बदमाशों को गिरफ्तार करके घटना का पर्दाफाश करा दिया जाएगा।