भिखनापुर (मूरतगंज) डिग्री कालेज में वनस्पति विज्ञान के अध्यापक मनीष केसरवानी पर बृहस्पतिवार की शाम एक छात्र ने जानलेवा हमला कर दिया। कालेज से घर लौटते समय रास्ते में रोककर उनके ऊपर लोहे की छड़ से प्रहार करके लहूलुहान कर दिया। चीख-पुकार पर लोगों के दौड़ने पर हमलावर धमकियां देते हुए भाग निकले। भुक्तभोगी ने हमलावरों के खिलाफ मूरतगंज चौकी में तहरीर दी है।
कोखराज थाने के भरवारी कस्बा निवासी मनीष कुमार केसरवानी (30) भिखनापुर डिग्री कालेज में वनस्पति विज्ञान के अध्यापक हैं। बृहस्पतिवार को बीएससी प्रथमवर्ष की प्रायोगिक परीक्षा थी। बताया जाता है कि मूरतगंज कस्बे के एक छात्र ने उनसे प्रायोगिक परीक्षा में मदद मांगी, लेकिन उन्होंने नकल में मदद करने से इंकार कर दिया। इस पर उसने कालेज में अध्यापकों को धमकी दी थी। परीक्षा समाप्त कराने के बाद शिक्षक मनीष कुमार घर लौट रहे थे। इस दौरान जैसे ही वह मूरतगंज कस्बे से बाहर निकले। रास्ते में छात्र ने 4-5 साथियों के साथ उन्हें रोक लिया। छात्रों ने शिक्षक पर हमला बोल दिया। लोहे की छड़ से प्रहार करके उन्हें लहूलुहान कर दिया। सरेराह हमले से हड़कंप मच गया। चीख-पुकार सुनकर राहगीरों के साथ आसपास के लोग दौड़े। ग्रामीणों को आता देख हमलावर धमकियां देते हुए भाग निकले। घटना देख लोग हतप्रभ रह गए। हमले में जख्मी शिक्षक को ग्रामीणों ने नजदीकी अस्पताल पहुंचाकर मरहम पट्टी कराई। वहीं भुक्तभोगी शिक्षक ने हमलावरों के खिलाफ मूरतगंज चौकी में तहरीर दे दी है।