मंझनपुर। सैनी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में पड़ोसी ने घर में घुसकर युवती के साथ बलात्कार किया। चीखने-चिल्लाने पर युवक धमकी देते हुए भाग निकला। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। साथ ही पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया गया है।
सैनी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 20 वर्षीय युवती ने बताया कि शुक्रवार की शाम वह घर में अकेली थी। परिवार के अन्य सदस्य खेत में काम करने के लिए गए थे। आरोप है कि तभी गांव का ही एक युवक बहाने से घर में घुस गया। उसे अकेली देख मुंह दबाकर युवक कमरे में खींच ले गया। चीखने-चिल्लाने की कोशिश करने पर उसके मुंह में कपड़ा भरकर युवक ने जबरदस्ती की। आबरू लूटने के बाद किसी से भी घटना का जिक्र करने पर युवक उसे जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकला।
उधर, पड़ोसी की हवस का शिकार हुई युवती ने घर लौटने पर परिजनों को सिसकते हुए घटना की जानकारी दी। शनिवार की सुबह पीड़िता को लेकर सैनी कोतवाली पहुंचे भुक्तभोगी परिवार ने घटना की नामजद तहरीर दी। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। साथ ही युवती को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। मामले में एसओ सैनी श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घटना की जांच और मेडिकल परीक्षण की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।