स्थानीय थाने के भैला मकदूमपुर गांव में द्वार पूजा को जा रहे बारातियों को गांव के कुछ युवकों ने जमकर पीटा। बारातियों का गुनाह यह था कि उन्होंने युवकों को नाचने से मना कर दिया। मारपीट में गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उसे चिकित्सकों ने एसआरएन रेफर कर दिया। दूल्हे के बाप ने घटना की तहरीर अज्ञात युवकों के खिलाफ करारी पुलिस को दी है।
करारी थाने के भैला मकदूमपुर निवासी शिवदास पाल की बेटी की शादी थी। बुधवार को पिपरी थाने के नसीरपुर शेरगढ़ निवासी देवराज पाल अपने बेटे सुभाष की बारात लेकर आए थे। देवराज का आरोप है कि जैसे ही बारात द्वार पूजा के लिए जनवासा से निकली तो गांव के आठ-दस लड़के डीजे के सामने आकर नाचने लगे। इस पर बारातियों ने उन्हें नाचने से मना किया। इससे नाराज हुए ग्रामीण युवक चले गए और कुछ देर बाद लाठी डंडा लेकर बारातियों पर हमला बोल दिया।
इससे कई बाराती घायल हो गए। पिटाई से बारात आए रामू पाल पुत्र भैरव का सिर फट गया। उसे रात में ही इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने एसआरएन रेफर कर दिया। घटना की तहरीर दूल्हे के पिता ने करारी पुलिस को दी। तहरीर लेकर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।