सैनी क्षेत्र के गुलामीपुर स्थिति बीओबी की शाखा के पास एक किसान को 10 हजार की चपत लगाकर भाग रहे टप्पेबाजों के गैंग को पुलिस घेराबंदी कर धर दबोचने में कामयाब रही। पुलिस ने बोलेरो गाड़ी के साथ गैंग के नौ सदस्यों को पकड़े जाने का दावा किया है।
सैनी क्षेत्र के गनपा निवासी घसीटे पटेल पुत्र केदार पटेल स्थानीय बीओबी की शाखा में 10 हजार रुपये जमा करने के लिए गए थे। इस दौरान बैंक के पास मिले ठग गैंग के सदस्यों ने बड़ी ही चालाकी के साथ 10 हजार रुपये को दोगुना करने का प्रलोभन देते हुए एक पोटली घसीटे को पकड़ा दी। कहा कि इसमें दो लाख रुपये हैं। इसे वह संभाले रहे। जब तक कि वे उसे दस का बीस हजार रुपये न दे दें। किसान लालच में आकर कागज के टुकड़ाें से भरी पोटली पकड़ कर बैठ गया। इस दौरान वे मौका देख बोलेरो में सवार होकर कोखराज की ओर भाग निकले। उन्हें भागता देख किसान ने सैनी पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर सैनी इंसपेक्टर दिनेश सिंंह ने पीछा करने के साथ एसओ कोखराज को भी सूचना देकर चेकिंग शुरू करवा दिया। पुलिस ने कोखराज थाने के सामने घेराबंदी कर बोलेरो सवार ठगाें को धर दबोचा। पुलिस ने पिंटू सोनकर निवासी कुंवरपुर थाना मलवा फतेहपुर, लल्लू निवासी आंखरी थाना मलवा, मुन्ना सोनकर निवासी चांदपुर फतेहपुर, संजय निवासी हुसैनगंज फतेहपुर, राम किशोर निवासी जहानाबाद फतेहपुर, अर्जुन रैदास निवासी बिंदकी, कैलाश निवासी बिंदकी, रामजी कोरी निवासी हुसैनगंज, संदीप पाल निवासी हुसैनगंज फतेहपुर को पकड़ा है। इंस्पेक्टर ने बताया कि पकड़े गए सभी अभियुक्त बेहद शातिर हैं। वे घूम-घूम कर ठगी का काम करते रहते हैं। फतेहपुर में भी अभियुक्तों के आपराधिक रिकार्ड खंगाले जा रहे हैं।