मंझनपुर। प्रेमी के घर से लाई गई नगर कोतवाली इलाके की एक विवाहिता ने सोमवार रात फांसी लगाकर जान दे दी। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है। परिवार वालों ने बिना पोस्टमार्टम कराए मृतका के शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।
नगर कोतवाली इलाके की एक युवती का अभी महीने भर पहले ही पड़ोसी युवक से विवाह हुआ था। बताया जाता है कि मोहल्ले के ही एक युवक से उसका प्रेम प्रपंच चल रहा था। इसकी जानकारी होने के बाद भी परिवार वालों ने दूसरे से उसका विवाह करा दिया था। चार दिन पहले युवती ससुराल छोड़कर प्रेमी के साथ भाग गई।
कोर्ट मैरिज करने के बाद सोमवार शाम वह प्रेमी के घर आ गई। इसकी जानकारी होने पर पहुंचे मायके वाले उसको वहां से पकड़ लाए। इसी बात से नाराज होकर युवती ने रात को फांसी लगाकर जान दे दी। युवती को फंदे पर लटकता देख परिवारीजनों के होश उड़ गए। आनननफानन मृतका के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। किसी तरह की कोई शिकायत पुलिस से नहीं की गई है। मामले में नगर कोतवाल राकेश चौरसिया का कहना है कि उन्हें ऐसी किसी घटना की जानकारी ही नहीं है। किसी ने तहरीर भी नहीं दी है। तहरीर मिली तो रिपोर्ट लिखकर कार्रवाई की जाएगी।