सड़क हादसे में ट्रक चालक की मौत
शुक्रवार रात अंदावा गांव के समीप हुआ हादसा
मेरठ से ट्रक लेकर जा रहा था बिहार, परिजनों में मचा कोहराम
अमर उजाला ब्यूरो
कल्यानपुर।
हाईवे पर कोखराज के अंदावां गांव के समीप शुक्रवार रात हुए हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई। सड़क किनारे ट्रक खड़ा कर वह जैसे ही उतरा इसी दौरान दूसरे ट्रक ने कुचल दिया। चालक ट्रक लेकर मेरठ से गया (बिहार) जा रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी देते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चालक की मौत से परिजनों में हाहाकार मचा हुआ है।
मेरठ जिले के पाली हस्तिनापुर निवासी शंकर यादव (45) पुत्र जयपाल यादव ट्रक चालक था। दो दिन पहले वह मेरठ से ट्रक लेकर गया धाम के लिए निकला था। शुक्रवार रात करीब 12 बजे हाईवे पर कोखराज के अंदावा गांव के समीप स्थित ढाबे के सामने वह ट्रक खड़ा कर रहा था। ट्रक खड़ा कर जैसे ही वह नीचे उतरा कानपुर की ओर से आए तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मारते हुए कुचल दिया। हादसे में ट्रक चालक शंकर लाल की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद दूसरे ट्रक का चालक वाहन समेत भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल करते हुए हादसे की जानकारी मृतक के परिजनों को दी तो कोहराम मच गया। रोते-बिलखते घर वाले घटनास्थल के लिए रवाना हुए। पुलिस ने शव कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ट्रक चालक की मौत से परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।