मंझनपुर। सैनी कोतवाली पुलिस ने चर्चित माद हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। छोटे भाई से झगड़े को लेकर नाराज साइको किलर ने निर्मम तरीके से उसकी हत्या की थी। गर्दन मरोड़ने के बाद आंख में पेचकस घोंप दिया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है।
सैनी कोतवाली क्षेत्र के परास निवासी माद उर्फ मुआज (12) पुत्र मो. अरकान की 13 जून को हत्या कर दी गई थी। उसका शव गांव के बाहर एक तालाब किनारे मिला था। मामले में मृतक के चाचा रिजवान की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया। पुलिस के मुताबिक विवेचना के दौरान परास के ही अरबाज पुत्र अनवार का नाम प्रकाश में आया। गुरुवार सुबह सैनी इंस्पेक्टर राकेश तिवारी ने अरबाज को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताल में अरबाज ने पुलिस को बताया कि मृतक माद का घटना से कुछ दिन पहले उसके भाई से कबूतर चुराने को लेकर झगड़ा हुआ था। तब माद ने भाई की पिटाई कर दी थी।
इसी रंजिश में बहाने से वह माद को तालाब किनारे ले गया। वहां गर्दन मरोड़कर हत्या कर दी। इसके बाद आंख में पेचकस घोंप दिया। पुलिस का साफ कहना है कि आरोपी जिद्दी और सनकी किस्म का है। उसकी सनक ने ही उसके हाथ खून से रंग दिए।