मंझनपुर। सदर तहसील क्षेत्र के खोरा गांव में दो दिन पहले दबंगों ने करीब चार बीघा गेहूं की फसल फूंक दी। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
खोरा निवासी सावित्री देवी पत्नी मोतीलाल ने बताया कि दो बीघा खेत में उसने गेहूं की फसल बो रखी थी। दो दिन पहले रंजिश के चलते दबंगों ने खेत में आग लगा दी। इससे पूरी फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। पीड़िता के मुताबिक उलाहना देने पर आरोपियों ने उसे अपशब्द बोलने लगे। जान से मारने की नीयत से असलहा लेकर दौड़ा लिया। किसी तरह महिला ने घर में घुसकर जान बचाई। इसके बाद उसने पुलिस को तहरीर दी। जांच के बाद पुलिस ने आरोपी भारत पुत्र नंदलाल, तीरथ पुत्र ध्रुवलाल व गनेशिया पत्नी जग्गा आदि के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में नगर कोतवाल पवन त्रिवेदी का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।