इलाके के थांबा अलावलपुर गांव में इमामबाड़ा के समीप सौर ऊर्जा हटाने के लिए कुछ ताजियदारों ने एक व्यक्ति का चबूतरा खोद दिया। इससे दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। सूचना पर पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे एसडीएम और सीओ ने दोनों पक्षों को समझाबुझाकर मामला शांत कराया।
थांबा अलावलपुर गांव में शिवभूषण तिवारी के दरवाजे के समीप इमामबाड़ा है। कुछ महीने पूर्व इमामबाड़ा के बगल में सौर ऊर्जा का पोल लगा दिया गया।
गुरुवार को महबूब अहमद कुछ लोगों के साथ इमामबाड़ा के बगल में सौर ऊर्जा के पास बल्ली गाड़ने के लिए शिवभूषण का चबूतरा खोदने लगे। शिवभूषण ने इसका विरोध किया। इस पर दोनों पक्षों के लोग इकट्ठा हो गए। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर करारी अर्जुन सिंह फोर्स के साथ पहुंच गए। तनाव को देखते हुए इंस्पेक्टर ने जानकारी एसडीएम सतीश चंद्र और सीओ सिटी एसएन पाठक को दी। खबर मिलते ही दोनों अफसर मौके पर पहुंच गए। दोनों पक्षों को समझाबुझा कर मामला शांत कराया। सौर ऊर्जा के पोल को इमामबाड़ा के बगल से उखड़वा कर दूसरे कोने में लगवा दिया गया। तनाव को देखते हुए दो सिपाहियों को ड्यूटी लगाई गई है।